झाँसी
मऊरानीपुर में ईद मिलादुन्नबी पर धूमधाम से निकाली गई जुलूस-ए-मोहम्मदी
—
नगर में जगह-जगह हुआ स्वागत, लंगर का आयोजन, पैगंबर मोहम्मद के जीवन संदेश को किया याद
मऊरानीपुर। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर गुरुवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहिवसल्लम का जन्मदिवस हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस मौके पर आकर्षक झांकियों से सजी जुलूस-ए-मोहम्मदी नगर के मुख्य मार्गों से निकाली गई। जुलूस के दौरान नात-शरीफ का पाठ हुआ और विभिन्न स्थानों पर अंजुमनों द्वारा लंगर का आयोजन किया गया।
जुलूस पुरानी मऊ स्थित नूरानी मस्जिद से प्रारंभ होकर बड़ा बाजार, दुबे चौक, टीकमगढ़ बस स्टैंड होते हुए डाकखाना चौराहे तक पहुंचा, जहां समापन हुआ। जुलूस में मुस्लिम समाज के धर्मगुरु, मौलाना, हाजी और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।
कमेटी सदस्यों ने बताया कि पैगंबर हजरत मोहम्मद को अल्लाह ने फरिश्ता जिब्राइल के माध्यम से कुरान शरीफ का संदेश दिया। उन्हें अंतिम पैगंबर और मानवता का मार्गदर्शक माना जाता है। इसलिए यह दिन सम्मानपूर्वक मनाया जाता है और शांति, प्रेम तथा भाईचारे का संदेश दिया जाता है।
जुलूस में मुफ्ती इतफारुख, हाजी मकबूल अहमद, हाजी महमूद अहमद, हाजी तुफैल अहमद, मुजी बेग, शमशाद अहमद, गफ्फार मसूरी, इमाम बक्श, नासिर पहलवान, अफजल राइन, आफाक अहमद, रिजवान, आमिर अहमद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

